नालंदा, बिहारशरीफ 14 मार्च (हि.स.)। जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मुर्गियाचक गांव की है। मृतक की पहचान नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र के अफसड़ गांव निवासी शिवकुमार प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र सर्वोत्तम कुमार के रूप में हुई है।

युवक का शव उसके किराए के कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना के संबंध में मृतक के भाई राजन ने बताया कि सुबह जब उन्होंने अपने भाई को फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। उन्हें लगा कि सर्वोत्तम सो रहा होगा, क्योंकि उसे देर तक सोने की आदत थी। बाद में बच्चों को स्कूल छोड़कर जब वह उसके कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो सर्वोत्तम पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था।
इसके बाद तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।परिजनों के अनुसार सर्वोत्तम को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी। वह अपने भाइयों के साथ किराए के कमरे में रहकर फेरी का काम करता था और समय मिलने पर पढ़ाई भी करता था। हालांकि घटना के कारणों को लेकर परिजन फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।वहीं इस मामले में हिलसा डीएसपी-2 ऋषिराज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ रहता था।डीएसपी ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। एफएसएल टीम द्वारा भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे
