

भीलवाड़ा, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के मांडल कस्बे में नाली पर पत्थर रखने को लेकर शुरू हुआ एक छोटा सा विवाद देखते ही देखते बड़ा झगड़ा बन गया। मामूली कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच जमकर लाठी-भाटा चलने लगे। झगड़े के दौरान कई लोग घायल हो गए। हालात ऐसे बन गए कि दोनों पक्ष झगड़ते-झगड़ते मांडल थाने तक पहुंच गए। बाद में पुलिस की समझाइश और हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में जाब्ता तैनात कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मांडल कस्बे के मोचियों की मस्जिद क्षेत्र स्थित खारोल मोहल्ले में कुछ दिन पहले गन्ने के जूस का ठेला लगाने के लिए नाली पर एक पत्थर रखा गया था। पत्थर रखने के दौरान वह पास में स्थित एक मकान की दीवार से टच हो गया। इसी बात को लेकर उस समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय स्थानीय लोगों और पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत करवा दिया गया था। लेकिन पुराना विवाद फिर से सामने आ गया और गुरुवार सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गए। झगड़े के बाद दोनों पक्ष मांडल थाने पहुंच गए, जहां भी दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी होने लगी। थाने में भी माहौल गरमाते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझाइश देकर पाबंद किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी।

घटना में घायल जमनालाल खारोल ने बताया कि करीब सात-आठ दिन पहले मोहल्ले में नाली के ऊपर एक पत्थर रखा गया था। उसी दौरान उनके मोहल्ले का एक जुगाड़ वाहन वहां से निकलते समय नाली में फंस गया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन बाद में आपसी समझाइश से मामला शांत कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि होली के दिन भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति संभाल ली थी। जमनालाल ने बताया कि गुरुवार सुबह मोहल्ले के बच्चे वहीं खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच आपस में झगड़ा हो गया। जब वे बच्चों को समझाने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठियों और सरियों से हमला कर दिया, जिससे वे और उनके परिवार के लोग घायल हो गए। वहीं मांडल थाना प्रभारी रोहितांश ने बताया कि मोची की मस्जिद के पास नाली के विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच झगड़ा हुआ है। इस घटना में खारोल परिवार के चार लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। उन्होंने बताया कि घायलों का मेडिकल करवा लिया गया है और परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। झगड़े में शामिल आरोपितों की तलाश की जा रही है। फिलहाल कस्बे में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है और पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद
