जयपुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित निःशुल्क देव दर्शन तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत रविवार को रामेश्वरम–मदुरै के लिए विशेष ट्रेन को दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन जयपुर से रवाना किया गया। देवस्थान विभाग की ओर से चलाई गई इस विशेष तीर्थ ट्रेन को जयपुर सांसद मंजू शर्मा तथा रेल मंत्रालय की क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य हीरेन मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।

इस विशेष ट्रेन में जयपुर जिले के 500 तथा अलवर जिले के 470 सहित कुल 970 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए। देवस्थान विभाग की यह योजना उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए है, जो आर्थिक कारणों से अब तक तीर्थ यात्रा नहीं कर पा रहे थे।
देवस्थान विभाग की ओर से यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क कराई जा रही है। यात्रा के दौरान यात्रियों को आठ दिनों तक आवास व भोजन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक कोच में सरकारी कर्मचारी अनुदेशक, ट्रेन प्रभारी, एक डॉक्टर तथा दो नर्सिंग अधिकारियों की चिकित्सा सुविधा भी यात्रियों को मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना समाज के बुजुर्गों के लिए एक पुण्य और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि जिन बुजुर्गों ने जीवनभर परिवार और समाज के लिए योगदान दिया, उन्हें सम्मानपूर्वक निःशुल्क तीर्थ दर्शन कराना संवेदनशील और सेवा भाव से प्रेरित निर्णय है। केंद्र व राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, सम्मान और आस्था को प्राथमिकता दे रही हैं और यह योजना उसी का सशक्त उदाहरण है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
