

सारण, 09 फ़रवरी (हि.स.)।जिला प्रशासन और श्रम संसाधन विभाग के साझा प्रयासों से स्थानीय राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए नई उम्मीदें लेकर आया। राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, सहायक निदेशक नियोजन, उपनिदेशक नियोजन तथा नियोजन पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभाग द्वारा की गई तैयारियों की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति बिहार सरकार द्वारा निर्धारित एक करोड़ रोजगार के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। जिलाधिकारी ने अवर प्रादेशिक नियोजनालय छपरा को भविष्य में भी इसी प्रकार के जनोपयोगी और उत्साहवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे नियोक्ताओं के समक्ष अपनी योग्यता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। इस नियोजन मेले में देश-प्रदेश की 28 कंपनियों ने हिस्सा लिया। दिन भर चली साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद कुल 796 उम्मीदवारों को विभिन्न पदों हेतु चयनित कर नियुक्ति की राह प्रशस्त की गई। मेले में लगे 9 विभिन्न विभागीय स्टालों के माध्यम से 1463 युवाओं का करियर मार्गदर्शन किया गया।

नियोजन मेला में आए युवाओं का नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर निबंधन किया गया, ताकि भविष्य में उन्हें टूल किट और अन्य सरकारी लाभ प्राप्त हो सकें। कार्यक्रम के दौरान एक विशेष आकर्षण चयनित अभ्यर्थियों के बीच स्टडी किट का वितरण रहा।। जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों ने योग्य युवाओं को किट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही, नियोजन मेले को सफल बनाने में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए हंसराजपुर के कुशल युवा संचालक गजेंद्र कुमार को ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया।
मेले में सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी थी जिसे नियंत्रित करने और सुचारू साक्षात्कार प्रक्रिया सुनिश्चित करने में जिला प्रशासन और विभागीय कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभिन्न स्टालों पर ऑन-द-स्पॉट चयन और विशेषज्ञों द्वारा दिए गए परामर्श ने जिले के बेरोजगार युवाओं के भीतर एक नया आत्मविश्वास जगाया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
