पलामू, 04 अप्रैल (हि.स.)। भाकपा माले की जिला इकाई ने चैनपुर की निर्भया के हत्यारों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में पुलिस की निष्क्रियता, भ्रष्टाचार और निर्दाेष लोगों पर कार्रवाई के विरुद्ध शनिवार को विरोध मार्च और प्रदर्शन किया।

रिक्शा पड़ाव से शुरू होकर यह आक्रोश मार्च शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष पहुंचा, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और पीड़ित परिवारों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
मौके पर भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने कहा कि घटना के पांच महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस की फाइलों में कोई प्रगति नहीं हुई है। किसी भी अभियुक्त की गिरफ्तारी न होना सीधे तौर पर पुलिस और अपराधियों के बीच की साठगांठ को उजागर करता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय पुलिस की इस घोर उदासीनता के कारण पीड़ित परिवार आज न केवल असुरक्षित महसूस कर रहा है, बल्कि न्याय की उम्मीद भी खो रहा है। इसके उन्होंने मनातू थाना क्षेत्र के पदमा की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे एक मासूम बच्चे की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद जब ग्रामीण अपना संवैधानिक हक मांग रहे थे, तो प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय उन पर फर्जी मुकदमों की झड़ी लगा दी।
कार्यक्रम को भाकपा माले जिला सचिव रविंद्र भुइयां, गढ़वा के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता, कमेश सिंह चेरो, पांकी जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, आइसा जिला सचिव गौतम दांगी सहित अन्य ने संबोधित किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
