नैनीताल, 14 मार्च (हि.स.)। जनपद नैनीताल के मुखानी क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नगदी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा निवासी हेम चंद्र लोहनी ने शिकायत दी थी कि 2 से 5 मार्च के बीच वह अपने गांव गये थे। इस दौरान उनके घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई। मामले में मुखानी थाने में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान की।
पुलिस ने 13 मार्च को हल्दीखाल मार्ग पर घेराबंदी कर गौरव कुमार निवासी दमुवादुंगा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से मंगलसूत्र, पौंची, नथ, झुमके सहित अन्य सोने के आभूषण, 2250 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। घटना के सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 2000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
