नैनीताल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल में युगमंच संस्था के तत्वावधान में आगामी 27 फरवरी से 5 मार्च तक 30वां नैनीताल होली महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस सांस्कृतिक आयोजन में खड़ी होली, बैठ होली, महिला होली और पारंपरिक होली जुलूस जैसे कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव विलक्षण खिलाड़ी एवं संस्कृति के संरक्षक गत दिवस दिवंगत हुए स्वर्गीय घनश्याम लाल साह को समर्पित है। महोत्सव की शुरुआत 27 फरवरी को दोपहर 1 बजे नयना देवी मंदिर में खड़ी होली के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे रामलीला मंच मल्लीताल में औपचारिक उद्घाटन होगा, जिसमें बाल होली के साथ वरिष्ठ होल्यारों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

शाम 6 बजे शारदा संघ में बैठ होली एवं सम्मान समारोह होगा। आगे 28 फरवरी को दोपहर 1 बजे से महिला होली, बीएम शाह ओपन एयर थियेटर में, 1 मार्च को दोपहर 12 बजे से तल्लीताल नैनीताल समाचार में बैठ होली होगी, 4 मार्च को प्रातः 10 बजे शारदा संघ से होली आशीष जुलूस निकलेगा और 5 मार्च को सायं 4 बजे नयना देवी मंदिर में टीके की होली होगी। आयोजन समिति ने बताया कि विभिन्न होली दलों द्वारा पारंपरिक कुमाऊँनी होली की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
