नैनीताल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। ‘मेरा युवा भारत नैनीताल’ की ओर से बुधवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के समन्वय से डीएसबी परिसर नैनीताल के सभागार में विकसित भारत युवा संसद-2026 का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आये 50 से अधिक युवाओं ने “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किये। युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक दायित्वों और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता पर सारगर्भित वक्तव्य दिये।

इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में 50 प्रतिभागियों में से शीर्ष 5 पर अर्णव त्रिपाठी, नकुल देव साह, नंदिनी जोशी, प्राची जोशी तथा दिपांशु का विधानसभा देहरादून में राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 में विचार रखने के लिए चयन किया गया। इनके अतिरिक्त कार्तिकेय, दीपक, तिलक, निहारिका तथा लक्षा भी शीर्ष 10 में शामिल रहे। निर्णायक मंडल में प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. हरि प्रिया पाठक, डॉ. नवीन पांडेय तथा अंचल पंत शामिल रहे। इस अवसर पर डॉल्वी तेवतिया ने कहा कि विकसित भारत युवा संसद का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
यह मंच युवाओं को समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देता है। प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा हैं और शिक्षा, नवाचार, लोकतांत्रिक सहभागिता तथा सामाजिक दायित्व के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन सत्र में दायित्वधारी शांति मेहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किये और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवांगी चन्याल तथा प्रो. ललित तिवारी ने किया। आयोजन में मीडिया प्रतिनिधियों सहित अनेक स्वयं सेवकों का सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
