कानपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। विपरीत मौसम के बावजूद खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का उत्साह कम नहीं हुआ और खिलाड़ियों ने मैदान में शानदार प्रदर्शन किया। बारिश के कारण शुरुआत में बाधा जरूर आई, लेकिन जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कर खेल फिर से शुरू कराया गया। प्रतिभागी टीमों ने अनुशासन और कौशल का बेहतरीन परिचय देते हुए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। आयोजन समिति के प्रयासों से प्रतियोगिता सुचारु रूप से संचालित होती रही। “खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है और आगामी मुकाबले भी बेहद रोचक होंगे” यह बातें बुधवार को विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में नॉर्थ जोन पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप 2025–26 के तीसरे दिन बारिश के बीच भी मुकाबले सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। सुबह वर्षा के कारण मैदान भीग गया था, लेकिन स्वयंसेवकों के प्रयासों से कुछ ही घंटों में उसे खेलने योग्य बना दिया गया।
तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ को 42–2 से हराया। पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला ने महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय को 46–10 से पराजित किया। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा ने प्रो. राज्जू भैया विश्वविद्यालय, प्रयागराज को 30–06 से हराया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा को 29–22 से हराया। वीर माधव सिंह भंडारी विश्वविद्यालय ने क्लस्टर विश्वविद्यालय को 40–38 से कड़े मुकाबले में मात दी। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय को 48–6 से हराया।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को 42–34 से पराजित किया, जबकि चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद ने लखनऊ विश्वविद्यालय को 32–22 से हराया। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ ने महाराजा दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक को 31–24 से मात दी।
आयोजकों के अनुसार आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह बना हुआ है और कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
