आसनसोल, 04 अप्रैल (हि. स.)। मालदा में हाल ही में घटित घटनाक्रम को भारतीय जनता पार्टी ने गंभीर चिंता का विषय बताते हुए इसे केवल कानून-व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था, संविधान और लोकतांत्रिक ढांचे पर सुनियोजित हमला करार दिया है।

घटना के तहत सात न्यायिक अधिकारियों—जिनमें तीन महिला न्यायाधीश भी शामिल है। उनको लगभग 15 घंटे तक बंधक बनाए जाने की खबर सामने आई है। इस दौरान बाहरी क्षेत्र में हिंसा, पत्थरबाजी, आगजनी और राष्ट्रीय राजमार्ग-12 के अवरोध के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। आपातकालीन सेवाएं बाधित रहीं और उत्तर व दक्षिण बंगाल के बीच संपर्क लगभग ठप हो गया।
शनिवार को भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस प्रकार की अराजकता के पीछे सत्तारूढ़ दल का अप्रत्यक्ष समर्थन है। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद एक विशेष वर्ग के वोट बैंक को बचाने के लिए राज्य में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संदर्भ में आसनसोल में भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि मालदा की घटना राज्य की चरमराई कानून-व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है। उनके अनुसार, जब न्यायाधीश ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सुनियोजित तरीके से अराजकता फैलाकर लोकतंत्र को भयभीत करने की कोशिश की जा रही है, जिसका जवाब जनता मतदान के जरिए देगी।
उन्होंने कहा कि मीडिया पर हमले और महिला न्यायाधीशों को बंधक बनाए जाने की घटनाएं दर्शाती हैं कि राज्य में कानून का शासन कमजोर पड़ा है। उनके अनुसार, जो लोग सत्य को दबाने का प्रयास करते हैं, वे लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास नहीं रखते।
भाजपा ने इस घटना की तुलना पूर्व में हुई हिंसात्मक घटनाओं से करते हुए कहा कि यह एक श्रृंखला का हिस्सा प्रतीत होती है, जिसमें पहले भी विभिन्न मौकों पर हिंसा और प्रशासनिक विफलता के आरोप लगे हैं।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल को हिंसा और अराजकता की ओर धकेलने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।
अंत में देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य की जनता अब जागरूक हो चुकी है और फर्जी मतदाताओं तथा तुष्टिकरण की राजनीति को अधिक समय तक स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
