जैसलमेर, 29 जनवरी (हि.स.)। लोक परंपराओं, रंगीन संस्कृति एवं मरुधरा की आत्मा को जीवंत करने वाले विश्व विख्यात मरू महोत्सव-2026 का भव्य एवं ऐतिहासिक शुभारंभ गुरुवार को परमाणु नगरी पोकरण में हुआ। मरूभूमि की रेत पर लोक उल्लास, संगीत, नृत्य और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

चार दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ की शुरुआत जिला कलक्टर प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे एवं नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित द्वारा सालमसर सरोवर स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और लोक वाद्यों की गूंज के साथ महोत्सव का आधिकारिक शुभारंभ हुआ।

पोकरण फोर्ट से प्रारंभ हुई भव्य शोभायात्रा लोक कलाकारों, पारंपरिक वेशभूषा, सजे-धजे ऊंटों, बीएसएफ के ऊंट दस्ते, सांस्कृतिक दलों एवं मिस्टर-मिस पोकरण प्रतियोगिता के प्रतिभागियों की उपस्थिति से एक चलता-फिरता सांस्कृतिक उत्सव बन गई। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती यह शोभायात्रा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण परिसर पहुंची, जहां हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इसका स्वागत किया। नगरवासियों ने पुष्पवर्षा, जयकारों और तालियों के साथ कलाकारों एवं प्रतिभागियों का भव्य अभिनंदन किया, जिससे संपूर्ण पोकरण उत्सवमय वातावरण में रंग गया।
मुख्य मंच पर अतिथियों द्वारा गुब्बारे छोड़कर एवं भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात लोक कलाकारों और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भव्य घूमर, भवाई, लेजियम, गैर नृत्य एवं पारंपरिक लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तगाराम एंड पार्टी द्वारा गैर सफेद आंगी, रेंवताराम भील का रोमांचक भवाई नृत्य एवं अणदाराम समदड़ी एंड पार्टी गैर लाल नृत्य सहित लोक संगीत प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया। विद्यालयी छात्र-छात्राओं की मनोहारी प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
महोत्सव के दौरान आयोजित मिस्टर पोकरण एवं मिस पोकरण-2026 प्रतियोगिता दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रही। निर्णायकों के निर्णय अनुसार पोकरण के मनीष कुमार सैन को मिस्टर पोकरण-2026 एवं लौहारकी की वर्षा भाटी को मिस पोकरण-2026 के खिताब से नवाजा गया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, प्रस्तुति और व्यक्तित्व ने दर्शकों की भरपूर सराहना अर्जित की।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को भरपूर मनोरंजन प्रदान किया। मटकी दौड़ प्रतियोगिता में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर सभी का मन मोह लिया। इसमें सुनीता राठौड़ प्रथम, शांति द्वितीय एवं सुमन तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, साफा बांधो प्रतियोगिता में भौम सिंह प्रथम, कर्ण सिंह एवं भवानी सिंह द्वितीय तथा रघुनाथ सिंह तृतीय स्थान पर रहे। साथ ही, रस्साकशी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में महादेव क्लब एवं महिला वर्ग में पीएल जिम विजेता रहे। अतिथियों द्वारा विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश उज्जवल द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में यशवीर सिंह, घनश्याम माली एवं महेंद्र रतनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह में पोकरण सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं पर्यटकों की उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर
