कोलकाता, 11 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में उसकी परिवर्तन यात्रा को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है।बंगाल भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने बुधवार को सॉल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी राज्य के करोड़ों लोगों से सीधे जुड़ने में सफल हुई है और जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।

हिंदुओं को कथित धमकी देने वाले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक हालिया बयान की आलोचना करते हुए सरकार ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी गैर-जिम्मेदाराना है और इससे सामाजिक विभाजन को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान तुष्टिकरण की राजनीति को दर्शाते हैं। उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग और सर्वोच्च न्यायालय का ध्यान आकर्षित करते हुए कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के उक्त बयान के बाद दक्षिण 24 परगना में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मारने की घटना भी सामने आई है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनती है तो पहले 45 दिनों के भीतर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। इनमें सातवें वेतन आयोग का गठन, राज्य सरकारी कर्मचारियों के बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान, समाप्त हो चुके लगभग 2.5 लाख सरकारी पदों की बहाली तथा करीब छह लाख रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शामिल होगी। साथ ही नौकरी के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट देने की भी बात कही गई।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और राज्य में अवैध घुसपैठ रोकना भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
सरकार ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य का प्रशासन कोयला तस्करी, लॉटरी घोटाले और कथित भर्ती अनियमितताओं जैसे मामलों से प्रभावित हुआ है।
उन्होंने 14 मार्च को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा का उल्लेख करते हुए लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
संवाददाता सम्मेलन के अंत में उन्होंने दावा किया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के पतन की शुरुआत हो चुकी है और 2026 के चुनाव में जनता भाजपा को मौका देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
