रांची, 27 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के अंतर्गत जिले में तंबाकू नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ सीमा गुप्ता (जिला नोडल पदाधिकारी-एनटीसीपी) ने कहा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने तंबाकू से होने वाली बीमारियों, विशेषकर कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी रोगों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए तंबाकू नियंत्रण कानून (कोटपा-एक्ट,) के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को जमीनी स्तर पर सशक्त रूप से लागू करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि निरंतर जागरूकता और प्रभावी निगरानी से ही तंबाकू मुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य हितधारकों को तंबाकू नियंत्रण से संबंधित दिशा-निर्देशों, जन-जागरूकता गतिविधियों एवं कानून प्रवर्तन की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही तंबाकू मुक्त सार्वजनिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान और स्वास्थ्य संस्थानों को सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
जिला परामर्शी सुशांत कुमार ने सभी प्रतिभागियों से तंबाकू नियंत्रण करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की और इसकी रोकथाम करने के लिए जोर लगाने की बातें कही।
कार्यक्रम में डॉ सीमा गुप्ता, डॉ एआर मुस्तफी, सुशांत कुमार सहित विभिन्न प्रखंड के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड लेखा प्रबंधक और अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
