
पश्चिमी सिंहभूम, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर आगामी पर्व-त्योहार को ध्यान में रखते हुए चाईबासा शहर के बड़ी बाजार, सदर बाजार और मधु बाजार क्षेत्र में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम के नेतृत्व में किया गया, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

इस दौरान अन्नपूर्णा स्वीट्स, कृष्ण स्वीट्स, राकेश गुप्ता स्वीट्स, यम्मी फुड एण्ड बेवरेज, नरेदी इंटरप्राइजेज और चाईबासा अन्न भंडार सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में चमचम मिठाई, बर्फी, कलाकंद, हल्दी पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और सरसों तेल के नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान जिन दुकानों में खामियां पाई गईं, उन्हें सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और लाइसेंस संबंधी प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में सुधार नहीं होने की स्थिति में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ विधि-सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
