पलवल, 25 मार्च (हि.स.)। कैंप थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर में अकेली मौजूद युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान दो युवक दीवार कूदकर घर में घुस आए। घर में हलचल होने पर युवती को खतरे का आभास हुआ और उसने तुरंत खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
खिड़की से झांककर युवती ने देखा कि आरोपी दूसरे कमरे में रखे सामान को खंगाल रहे हैं। घबराई युवती ने तुरंत फोन कर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी। जब तक परिजन घर पहुंचे, आरोपी करीब 75 हजार रुपये नकद और 10 ग्राम सोने के कुंडल समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो चुके थे। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि चोर घर से और भी कीमती सामान ले गए हैं।
सूचना मिलते ही कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
