पलवल, 10 फ़रवरी (हि.स.)। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने नेशनल हाईवे-19 स्थित बंचारी गांव में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। करीब आठ एकड़ कृषि भूमि पर बिना अनुमति प्लॉटिंग की जा रही थी। मंगलवार को कार्रवाई के दौरान लगभग 850 मीटर लंबी कच्ची सड़क को भी तोड़ दिया गया।

यह कार्रवाई डीटीपी अनिल मलिक की निगरानी में पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहित विभागीय अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। विभाग को सूचना मिली थी कि कृषि योग्य भूमि पर नियमों को दरकिनार कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। निरीक्षण में आरोप सही पाए जाने के बाद प्रशासनिक अनुमति लेकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।

डीटीपी अनिल मलिक ने कहा कि अवैध कॉलोनियां काटकर लोगों को गुमराह करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों और भू-मालिकों के मंसूबे सफल नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी स्थान पर अवैध प्लॉटिंग या कॉलोनी विकसित करने की अनुमति नहीं है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
विभाग की ओर से मौके पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि आमजन बिना अनुमति विकसित कॉलोनियों में निवेश करने से पहले सतर्क रहें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संपत्ति की खरीद से पूर्व संबंधित विभाग से वैधता की पुष्टि अवश्य कर लें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
