नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के चलते इस महीने के अंत में कतर की राजधानी दोहा में होने वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बोर्ड और समिति बैठकों को रद्द कर दिया गया है।

ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार खासकर वित्त समिति से जुड़ी कुछ बैठकों को अगले कुछ हफ्तों में वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
आईसीसी बोर्ड की ये बैठकें 25 से 27 मार्च के बीच आयोजित होने वाली थीं, जिनमें बोर्ड निदेशक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य और आईसीसी के वरिष्ठ नेतृत्व के शामिल होने की योजना थी, लेकिन क्षेत्र में तनाव और हवाई सेवाओं पर असर के कारण फिलहाल इन बैठकों का आयोजन संभव नहीं हो पाया।
इन बैठकों में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी। इनमें वैश्विक ब्रॉडकास्टिंग अधिकार प्रमुख थे, क्योंकि आईसीसी और जियोस्टार के बीच मौजूदा प्रसारण समझौता 2027 में समाप्त होने वाला है। इसके अलावा अगले फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफटीपी) और लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्रिकेट की क्वालिफिकेशन प्रणाली पर भी प्रारंभिक चर्चा प्रस्तावित थी। एफटीपी को लेकर अनौपचारिक स्तर पर कुछ सदस्यों के बीच बातचीत पहले ही शुरू हो चुकी है।
दोहा में आईसीसी की बैठक पहली बार आयोजित होने वाली थी। कतर में क्रिकेट की भागीदारी में हाल के वर्षों में लगभग 447 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि सीमित उड़ानों और क्षेत्रीय तनाव के कारण इस समय वहां बैठक कराना संभव नहीं माना गया।
पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रमों पर भी पड़ रहा है। 13 से 25 मार्च के बीच संयुक्त अरब अमीरात में प्रस्तावित अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच व्हाइट-बॉल सीरीज के भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने की संभावना जताई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
