लखनऊ, 14 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कोलकाता में आयोजित जनसभा के सजीव प्रसारण से जुड़कर शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने बडी संख्या में उपस्थित बंगाली समाज के साथ प्रधानमंत्री को सुना और एक स्वर में ‘‘बंगाल में परिवर्तन की दरकार, चाहिए भाजपा सरकार‘‘ का उद्घोष किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन के पश्चात् कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी और लंबे समय से तुष्टिकरण, अत्याचार और भ्रष्टाचार में जकड़ा बंगाल विकास की मुख्यधारा से जुडे़गा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशाल जनसभा में उमडे़ जनसैलाब ने पश्चिम बंगाल में परिवर्तन का शंखनाद कर दिया है।
श्री चौधरी ने कहा प्रधानमंत्री का विकसित बंगाल का विजन एक संकल्प है, जिसे समस्त बंगालवासी पूर्ण करने का प्रण ले चुके है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी की पराजय से संत्रास और कटमनी का युग समाप्त होगा और पश्चिम बंगाल स्वामी विवेकानंद, बकिंम चन्द्र चटर्जी, रवीन्द्रनाथ टैगोर, सुभाष चन्द्र बोस, अरविन्द घोष जैसे विचारकों और राष्ट्रनायको द्वारा प्रशस्त मार्ग पर आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कोलकाता जनसभा के सजीव प्रसारण में प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बांग्ला समाज के लोंगो के साथ एक भारत-श्रेष्ठ भारत अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, संजय राय, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, शिवभूषण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा,विराज सागर दास,प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे, भाजपा नेता नीरज सिंह और लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
