कोलकाता, 12 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। कभी आसमान में बादल छा रहे हैं तो कुछ ही देर बाद तेज धूप निकल रही है। इस बीच अलीपुर मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही तेज और झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है।

गुरुवार सुबह से ही कोलकाता में आसमान बादलों से ढका रहा। मौसम विभाग के अनुसार शहर के कई इलाकों में छिटपुट बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। साथ ही वज्रपात को लेकर भी सतर्कता जारी की गई है।
कोलकाता में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।
दक्षिण बंगाल के हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना सहित कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि बारिश के बावजूद तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। अधिक आर्द्रता के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में उत्तर बंगाल के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों के लिए विशेष सतर्कता जारी की गई है। वहीं सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सलाह देते हुए कहा है कि जिन खेतों में आलू की फसल तैयार हो चुकी है, उसे जल्द निकालकर सुरक्षित स्थान पर भंडारित कर लें, क्योंकि अचानक बारिश से फसल को नुकसान हो सकता है। साथ ही आम लोगों को भी खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
