कोलकाता, 13 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही पांच नए सांस्कृतिक एवं विकास बोर्ड गठित करने जा रही है। ये बोर्ड मुंडा (एसटी), कोरा (एसटी), डोम (एससी), कुम्भकार (ओबीसी) और सदगोप (ओबीसी) समुदायों के लिए बनाए जाएंगे।

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ये समुदाय बंगाल की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने इन समुदायों को बधाई देते हुए कहा कि नए बोर्ड उनकी भाषाओं और परंपराओं की रक्षा करने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने में मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बोर्डों के माध्यम से समुदायों के पारंपरिक अधिकारों की भी सुरक्षा की जाएगी और उनके सामाजिक-आर्थिक विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से राज्य सरकार कमजोर और पिछड़े समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के कई बोर्ड गठित कर चुकी है।
ममता बनर्जी ने कहा कि ‘मां, माटी, मानुष’ के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का अर्थ है कि राज्य में किसी भी समुदाय को पीछे नहीं छोड़ा जाएगा और समावेशी विकास के जरिए हर चेहरे पर मुस्कान लाना ही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में ‘जय बांग्ला’ का नारा भी दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
