पानीपत, 10 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के गांव लोहारी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या करने के पश्चात पति मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। गांव लोहारी निवासी मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी पूजा की शादी पानीपत के किवाना गांव निवासी कपिल के साथ करवाई थी। पूजा के तीन बेटे और एक बेटी हैं। वह आठ फरवरी को अपने बच्चों को ससुराल छोड़कर अपने माता पिता से मिलने मायके लोहारी आई थी।

नौ फरवरी को उसका पति कपिल उसे लेने लोहारी पहुंचा। शाम को कपिल ने शराब पीकर नशे में अपनी पत्नी, सास और ससुर के साथ झगड़ा किया। मंगलवार की सुबह कपिल ने अपने सास-ससुर से कहा कि वह जा रहा है। जिसके बाद सास खेतों में और ससुर काम पर चले गए। उनके जाने के कुछ देर बाद कपिल वापस घर लौट आया। उसने पूजा के साथ फिर झगड़ा किया और टीवी की आवाज तेज करके चुन्नी से गला घोंटकर पूजा को जान से मार दिया तथा मौके से फरार हो गया।

दोपहर को जब पूजा की मां घर लौटीं, तो उन्होंने बेटी का शव देखा और दंग रह गईं। सूचना मिलने पर इसराना थाना इंस्पेक्टर महिपाल टीम के साथ तथा डीएसपी आत्माराम एफएसएल टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक जांच के बाद पूजा के शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। थाना इसराना प्रभारी महिपाल ने बताया कि मृतका की मौत दम घुटने से हुई है, क्योंकि फोरेंसिक जांच में मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं, और पिता की तहरीर पर दामाद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
