पानीपत, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के गांव बराना में एक युवक ने बेसहारा कुत्ते को गोली मार दी। ग्रामीणों के अनुसार युवक ने टशन दिखाने के चक्कर में खाना खा रहे कुत्ते को अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। गोली कुत्ते के पिछले पैर के ऊपर पेट में लगी। घटना के बाद गांव के ही एक युवक ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार गांव बराना के साहिल ने दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह उसके पिता पशुओं को पानी पिला रहे थे। उसी समय गांव का ही रहने वाला विपिन त्यागी हाथ में बंदूक लेकर वहां पहुंचा।

गली में एक बेसहारा कुत्ता चुपचाप खाना खा रहा था। विपिन ने बिना किसी वजह के कुत्ते पर गोली चला दी। जो कुत्ते के पिछले हिस्से में पेट के नीचे लगी। शिकायत के बाद पुलिस ने कुत्ते का निजी अस्पताल में ऑपरेशन करवाकर कुत्ते की देखभाल के लिए ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया। शिकायतकर्ता साहिल का आरोप है कि विपिन पहले भी बंदूक की गोली से कई कुत्तों को मार चुका है। शिकायत कर्ता ने बताया कि अब आरोपी पक्ष इस कुत्ते के काटने का सहारा लेकर मेडिकल करवा रहा है, ताकि मामला गुमराह किया जा सके और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि साहिल की शिकायत पर विपिन त्यागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज आगामी जांच शुरू कर दी है और कुत्ते का आपरेशन करवाकर ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
