पानीपत, 11 मार्च (हि.स.)। पानीपत में छह दिन पहले आपसी रंजिश के चलते जानलेवा हमले में घायल हुए युवक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। 10, 15 बदमाशों द्वारा तेजधार हथियारों से अरुण को बुरी तरह घायल किया गया था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में भारी रोष उत्पन्न हो गया। क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस को शिकायत में कृष्णपुरा निवासी अशोक कुमार ने बताया था कि चार मार्च को उनका बेटा अरुण अपने दोस्त पिंडी के साथ श्मशान रोड की तरफ जा रहा था। जब वे गुप्ता फैक्ट्री के पास पहुंचे, तो पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। शिकायत के अनुसार, मुख्य आरोपी चिंटू, अजय और मिंटू ने अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ मिलकर अरुण पर हमला बोला था। बदमाशों ने तेजधार हथियारों से अरुण के सिर और शरीर पर कई वार किए थे। हमलावर उसे मरा हुआ समझकर वहां से फरार हो गए थे।
छह दिनों तक जीवन ओर मौत से जूझते हुए अरुण ने बुधवार को आखिरी सांस ली। अरुण की मौत के बाद पुलिस ने अब दर्ज एफआईआर में हत्या की धारा जोड़ दी है और नामजद आरोपी चिंटू, अजय, मिंटू और 12 अन्य अज्ञात युवकों की धरपकड़ के लिए जगह जगह छापेमारी कर रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कृष्णपुरा इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
