कानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह से परेशान एक अधेड़ ने गुरुवार को बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति ने बबूल के पेड़ से फांसी लगा ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के दौरान मृतक की पहचान ग्राम खजुरिया निवासी संतोष कुमार पासी (55) के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संतोष कुमार पिछले कुछ समय से घरेलू तनाव से परेशान थे। इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके।
ग्रामीणों के अनुसार संतोष कुमार सामान्य स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन हाल के दिनों में वह पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
