
कोरबा, 16 फरवरी (हि. स.)। पावन महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का साेमवार काे भव्य और गरिमामय समापन हुआ। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और जनउत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और सामाजिक एकता की सशक्त झलक प्रस्तुत की। आज समापन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाली महोत्सव कोरबा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दे रहा है और यह आयोजन अब गौरव का प्रतीक बन चुका है।

मंत्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि पाली का ऐतिहासिक महोत्सव निरंतर विस्तार पा रहा है और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत कर रहा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती, गंगा आरती, श्रीराम आरती और दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। दो दिनों तक चले महोत्सव में आंचलिक, प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।
समारोह के दौरान मंत्री देवांगन ने विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने पाली के शिव मंदिर से कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण तथा मुख्य मार्ग से डुमरकछार शिव मंदिर तक स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से आवागमन और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
अपने संबोधन में मंत्री ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राज्य में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए पूरी टीम की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा देने का संदेश है। भगवान शिव की साधना व्यक्ति को धैर्य, संघर्ष और आत्मबल का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि शिव अनादि और अनंत हैं तथा देश के 12 ज्योतिर्लिंग हमारी आध्यात्मिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने लोगों से महोत्सव में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने और अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजकर रखने का आह्वान किया।
पाली-तानाखार के विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाली देवाधिदेव भगवान शिव और मां महिषासुर मर्दिनी की नगरी है, जिसका विशिष्ट ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि पाली प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है और औद्योगिक दृष्टि से भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे महोत्सव सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ते हैं।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर और मोहित राम केरकेट्टा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम रोहित कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों और अधिकारियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
