मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के 80 छात्र और 4 शिक्षक जंग की वजह से दुबई में फंस गए हैं। यह सभी दुबई में सुरक्षित स्थल पर हैं और उन्हें भारत लाने की कोशिशें चल रही हैं।

पुणे जिले में स्थित पिंपरी-चिंचवड़ के इंदिरा कॉलेज के प्रमुख जनार्दन जाधव ने बताया कि उनके कालेज के 84 लोग स्टडी विजिट के लिए दुबई गए हैं। इनमें 80 छात्र और 4 शिक्षक शामिल हैं। लेकिन ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल की जंग छिड़ने से एयरस्पेस बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से फ्लाइट्स रोक दी गई हैं और यह सभी लोग दुबई में फंस गए हैं।

जनार्दन जाधव ने बताया कि इस संबंध में वे दुबई में इंडियन एम्बेसी और अपने देश के विदेश मंत्रालय से बातचीत कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने स्टूडेंट्स को जल्द से जल्द भारत लाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। जनार्दन जाधव ने पालकों से अपील की है कि प्लीज़ घबराएं नहीं, स्टूडेंट्स को जल्द से जल्द घर वापस लाया जाएगा। सिविल एविएशन मंत्रालय भी स्टूडेंट्स को वापस लाने की कोशिश कर रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
