मुंबई, 10 मार्च (हि.स.)। पुणे जिले के भांबोरी में चाकन-तलेगांव रोड पर मंगलवार सुबह एक ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में पति-पत्नी की मौत हो गई। ह्मालुंगे पुलिस स्टेशन की टीम ने इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

ह्मालुंगे पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक दिगंबर सूर्यवंशी ने बताया कि आज सुबह खेड़ तहसील के भांबोरी गांव के रहने वाले मनोहर शिवराम मेंगले (36) पत्नी गीता मनोहर मेंगले ( 34) के साथ मोटरसाइकिल से खेत में काम करने जा रहे थे। मनोहर मेंगले मोटरसाइकिल चला रहे थे, जबकि उनकी पत्नी गीता पीछे बैठी थीं। मनोहर मोटरसाइकिल से भांबोली गांव के पास चाकन-तलेगांव रोड से गुजर रहे थे, उसी समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की छानबीन जारी है।
—————-
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
