कानपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। जनपद की कमिश्नरेट चकेरी पुलिस ने बलात्कार, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मुकदमों में फरार चल रहे 15000 के इनामी शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है। शातिर बदमाश पुलिस से बचने के लिए फरारी काट रहा था।

थाना प्रभारी अजय प्रकाश राय ने बताया कि मूलरूप से घाटमपुर निवासी आरोपित धर्मेंद्र नागर ने बीती छह अक्टूबर 2025 को कोयला नगर के रहने वाले विनय कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के सिर पर कट्टे की बट मारकर उसे घायल कर दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सर्विलांस टीम दबिश दे रही थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि शातिर की लोकेशन श्याम पैलेस सिनेमा गेट के आस-पास की है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित पर शहर के विभिन्न थानों में कुल साथ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसका दूसरा साथी अमन कटियार जिला बदर है। शातिर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और इलाकाई लोगों ने राहत की सांस ली है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
