नोएडा, 16 मार्च (हि.स.)। थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ने एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुआ है।

डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने साेमवार काे बताया कि पुलिस को सूचना मिली की शासन द्वारा चिह्नित माफिया सुंदर भाटी गिरोह के दो बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यमुना पुस्ता के पास घरबरा गांव क्षेत्र में हैं। सूचना के आधार पर सेक्टर इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान ग्रेटर नोएडा के कामबक्शपुर गांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ डीके और दिल्ली के पटपड़गंज निवासी अर्जुन के रूप में हुई। पुलिस ने धर्मेंद्र के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए। अर्जुन के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
धर्मेंद्र उर्फ डीके के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में सेक्टर इकोटेक-1 कोतवाली में उसके खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2016 में सेक्टर बीटा-2 कोतवाली में भी उसके खिलाफ आर्म्स ऐक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। आरोपित अर्जुन के खिलाफ भी सेक्टर इकोटेक-1 कोतवाली में पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों आरोपित सुंदर भाटी गैंग के बदमाश हैं। दोनों क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
