पूर्णिया, 10 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को विधायक विजय खेमका ने प्रमुखता से आज सदन में उठाया। उन्होंने कृषि, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और आधारभूत संरचना से जुड़े कई प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखे, जिससे पूर्णिया के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया गुलाबबाग स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति की भूमि (मेला ग्राउंड) पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त “एग्रो मॉडल पार्क” के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इस एग्रो पार्क में अत्याधुनिक फसल प्रदर्शन क्षेत्र, फूड जोन, प्लांट सेक्शन, हरित क्षेत्र, कैफेटेरिया, मिनी ऑडिटोरियम और बच्चों के लिए प्लेग्राउंड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे कृषि बाजार के विकास के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पूर्णिया सीमांचल का प्रमुख कृषि केंद्र है और एग्रो पार्क के निर्माण से किसानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

सदन में विधायक विजय खेमका ने दानवीर भामाशाह की जयंती को पूर्णिया में सरकारी महोत्सव का दर्जा देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि भामाशाह का त्याग और राष्ट्रसेवा का इतिहास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है, इसलिए राज्य सरकार को अपने संरक्षण में पूर्णिया में दानवीर भामाशाह जयंती महोत्सव मनाने की स्वीकृति देनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बांग्ला भाषी छात्र-छात्राओं के हित में बांग्ला भाषा की पाठ्यक्रम पुस्तकों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग रखी। उन्होंने पूर्णिया विश्वविद्यालय परिसर में तीन वर्ष पूर्व निर्मित 10 कमरों के आधुनिक भवन को जर्जर छात्रावास में रह रहे छात्रों के उपयोग में लाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है और नए भवन का उपयोग शीघ्र प्रारंभ होना चाहिए।
विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक के एमआर रोड बिलरिया काला दियरा से संथाल टोला तक की कच्ची सड़क को पक्की करने का निवेदन भी सदन में रखा। साथ ही फार्मासिस्ट भर्ती में सेवा अवधि के आधार पर आयु एवं अंकों में अधिमान्यता प्रदान करने संबंधी आग्रह पत्र माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को सौंपा।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया सहित सीमांचल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं और राज्य सरकार के सहयोग से विभिन्न विकास योजनाओं पर सकारात्मक कार्रवाई हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की नीतियों से पूर्णिया का निरंतर विकास सुनिश्चित होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह
