उमरिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल मंगलवार को उमरिया जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।

इस दौरान वह पिछड़ा जाति मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष मिथिलेश राय के निवास भी पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। मीडिया से चर्चा करते हुए अजय सिंह राहुल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की और कहा कि वर्ष 2028 कांग्रेस के लिए बेहतर अवसर लेकर आएगा।
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चा पर उन्होंने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण बिल को लेकर गंभीर नहीं है और इसे राजनीतिक मुद्दे के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उनका आरोप था कि आरक्षण की आड़ में परिसीमन कराने की मंशा थी, जिसे कांग्रेस ने सफल नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा अपनी विफलताओं का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 27 तारीख को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने की सूचना मिली है, जो संभवतः इसी विषय से जुड़ा हो सकता है।
किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए अजय सिंह राहुल ने कहा कि प्रदेश सरकार का ‘किसान कल्याण वर्ष’ केवल विज्ञापनों और भाषणों तक सीमित है।
उन्होंने कहा कि कहीं स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं तो कहीं वारदाना उपलब्ध नहीं है, जिससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी
