मेदिनीपुर, 28 फरवरी (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मेदिनीपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। प्रशासन ने जिले में 14 कंपनियां केंद्रीय बल तैनात करने का निर्णय लिया है। राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जाने वाले जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, केंद्रीय बलों के ठहरने के लिए 10 स्थान चिन्हित किए गए हैं। इनमें तमलुक स्थित स्वामी विवेकानंद लोको भारती ट्रस्ट, पांशकुड़ा किसान मंडी, मोयना का विवेकानंद मिशन कॉलेज, हल्दिया का सतीश सामंत ट्रेड सेंटर परीक्षा भवन, भवानीपुर का मेघनाथ साहा कॉलेज, नंदीग्राम का कालीचरणपुर बाढ़ आश्रय केंद्र, कांथी का पिछाबनी बाढ़ आश्रय केंद्र, भूपतिनगर का ओदलचुआ बीएड कॉलेज, खेजुरी का विद्यामंदिर तथा एगरा की मार्केटिंग सोसायटी शामिल हैं।

शनिवार सुबह भाजपा के तमलुक जिला महासचिव सुकांत चौधरी ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी यूनिस ऋषिन इस्माइल ने बताया कि चुनाव पूर्व जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए केंद्रीय बल पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी।
जिले में कुल 16 विधानसभा क्षेत्र हैं तथा चार हजार 420 मतदान केंद्र स्थापित हैं। मोयना, भगवानपुर, खेजुरी और भूपतिनगर सहित कई क्षेत्रों को राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील माना गया है। चुनाव से पूर्व केंद्रीय बल इन इलाकों में नियमित गश्त करेंगे।
मोयना के बाकचा क्षेत्र के निवासी राखाल सामंत ने कहा कि चुनाव के समय क्षेत्र में प्रायः अशांति की स्थिति बनती है। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान की अपेक्षा व्यक्त की।
तमलुक जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सुजीत राय ने आरोप लगाया कि विपक्ष केंद्रीय बल, ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग के सहारे चुनाव जीतना चाहता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
