मुंबई, 16 फरवरी (हि.स.)। नांदेड़ जिले के पूर्व विधायक शंकर अण्णा धोंडगे अपने समर्थकों के साथ शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो गए हैं। सोमवार को मुंबई में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनका पार्टी में स्वागत किया। शिंदे ने कहा कि धोंडगे के आने से नांदेड़ जिले में पार्टी को और मजबूत मिलेगी और किसानों को न्याय दिलाया जा सकेगा।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट,सांसद संदीपन भुमरे सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नांदेड़ जिले के लोहा-कंधार निर्वाचन सीट से शंकर धोंडगे पूर्व विधायक रह चुके हैं। वे किसानों का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। धोंडगे के साथ दत्ता आनंदराव पवार,शिवराज धोंडगे,अनिल यादव सहित कई कार्यकर्ता शिवसेना में शामिल हुए हैं. उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि ऐसे अनुभवी और जुझारू नेता से पार्टी की स्थिति मजबूत होगी। राज्य के खजाने पर पहला हक किसानों का है। शेतकरी सम्मान योजना, फसल बीमा में आसानी और प्राकृतिक आपदाओं में शर्तों में छूट दी गई है। किसान कर्ज माफी पर फैसला सही समय पर लिया जाएगा। शिवसेना चाहती है कि किसान खुश रहें,आत्महत्या रूकें और किसानों को न्याय मिले।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
