नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। आयरलैंड के दिग्गज बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग ने 2028 में होने वाले अगले पुरुष टी-20 विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए टी-20 टीम के कप्तान पद से हटने का फैसला किया है। स्टर्लिंग ने कहा कि टी-20 कप्तानी से हटते हुए भी मैं आयरलैंड टीम के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं और वनडे कप्तान के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहूंगा।

क्रिकेट आयरलैंड ने गुरुवार को बताया कि पॉल स्टर्लिंग टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बने रहेंगे और वनडे प्रारूप में कप्तान के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
स्टर्लिंग को अक्टूबर 2023 में वनडे और टी-20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था और उन्होंने हाल ही में संपन्न आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 में आयरलैंड का नेतृत्व किया था। भारत और श्रीलंका में आयोजित विश्वकप में आयरलैंड की टीम ने चार मैचों में एक जीत दर्ज की थी और दो हार मिली थी, जबकि एक मैच बारिश के कारण नहीं हो पाया था।
35 वर्षीय स्टर्लिंग ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगने के कारण सिर्फ दो मैच खेल पाए थे और उनका विश्व में सफर समाप्त हो गया था। स्टर्लिंग की अनुपस्थिति में विकेटकीपर लोरकान टकर ने टूर्नामेंट के शेष मैचों में उनकी जिम्मेदारी संभाली थी।
टी-20 कप्तानी छोड़ने के बाद स्टर्लिंग ने कहा कि गहन विचार-विमर्श के बाद मैंने आयरलैंड की टी-20 टीम के कप्तान पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रारूप में आयरलैंड का नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है और मुझे इस पर बेहद गर्व है। अपने देश की कप्तानी करना एक ऐसा विशेषाधिकार है, जिसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है और इस भूमिका में मुझे जो विश्वास और समर्थन मिला है, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।
वरिष्ठ खिलाड़ी ने कहा कि मैं अपने टीम के साथियों, कोचिंग स्टाफ, पूरे सपोर्ट स्टाफ और क्रिकेट आयरलैंड से जुड़े सभी लोगों को उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं उन प्रशंसकों के समर्थन के लिए भी बहुत आभारी हूं जो हर जगह हमारी टीम का साथ देते हैं और समर्थन करते हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर मेरे अंदर अभी भी बहुत महत्वाकांक्षा है और मुझे लगता है कि यह निर्णय मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगा।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह
