पौड़ी गढ़वाल, 10 मार्च (हि.स.)। कोट ब्लाक के बलमणा गांव में गुलदार ने एक राजमिस्त्री को निवाला बना दिया। गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित लोगों ने जिला प्रशासन व वन विभाग के अफसरों का घेराव किया। घंटो विरोध के बाद प्रशासन की टीम ने शव को कब्जे में लिया। आक्रोशित लोगों ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देते हुए जल्द ही गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।

डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि बलमाणा निवासी प्रकाश लाल उम्र 47 राजमिस्त्री का काम करता था। सोमवार की शाम को अपना निपटा कर घर लौट रहा था तभी घात लगाए गुलदार ने पटवारी चौकी के पास उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार सुबह खोजबीन के दौरान प्रकाश लाल का बुरी तरह क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। डीएफओ ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही पिंजरे लगाए जा रहे है। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन मंत्री व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में पिछले लंबे समय से गुलदार की गतिविधि देखी जा रही थी लेकिन जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते यह घटना हुई है।
मृतक के परिजन को सरकारी नौकरी देने की उठाई मांग
पौड़ी। बलमाणा गांव में गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों में सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने वन विभाग के कर्मचारियों को कैद करते हुए जमकर नारेबाजी की। नादलस्यूं निवासी भाष्कर बहुगुणा, गौरव चंदोला, विनोद दनोशी आदि ने कहा कि हर महीने गुलदार के हमले में लोग अपनी जान गंवाने को मजबूर है लेकिन सरकार जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। कहा कि प्रकाश बेहद गरीब परिवार से है वह राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उनके जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। मौके पर पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला व अन्य ग्रामीणों ने मृतक प्रकाश के परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग उठाई।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
