–केन्द्रीय कृषि मंत्री ने पत्नी संग लगाई गोवर्धन परिक्रमा

मथुरा, 09 फरवरी(हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ आस्था की नगरी गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने ब्रज वसुंधरा के समक्ष ब्रजरज को नमन किया। गिरिराज महाराज को प्रणाम किया और ब्रजरज मस्तक पर सजाकर ई रिक्शा से गोवर्धन परिक्रमा प्रारम्भ की। उनके आगमन पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

गोवर्धन परिक्रमा से पूर्व कृषि मंत्री ने भावुक स्वर में कहा, वर्षों से ब्रजरज को मस्तक पर सजाने आता रहा हूं। जब ‘राधे राधे’ बोलते हैं और कृष्ण कन्हैया का ध्यान करते हैं तो स्वाभाविक रूप से गिरिराज धरण आने का मन करता है। इस बार आने में देरी हुई, लेकिन बहुत दिनों से इच्छा थी कि गिरिराज जी की परिक्रमा करूं। गोवर्धन आना मेरा सौभाग्य है।
अमेरिका के साथ हुए हालिया समझौते पर बोलते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की कूटनीति विकासोन्मुख है। किसानों के हितों की पूरी रक्षा की गई है। उन्होंने दावा किया कि इस समझौते में गेहूं, धान सहित प्रमुख अनाज पूरी तरह सुरक्षित रखे गए हैं। फल, सब्जियां, डेयरी उत्पाद और मसालों के निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, डेयरी उत्पाद और मसाले शून्य प्रतिशत ड्यूटी पर निर्यात किए जा सकेंगे। इससे किसानों को अमेरिका, यूरोप के 27 देशों सहित बड़े वैश्विक बाजार मिलेंगे, जिससे निर्यात और आय दोनों बढ़ेंगे। चौहान ने कहा कि यह समझौता किसान महिलाओं और युवाओं के सपनों को पंख देने वाला साबित होगा। इससे कृषि आधारित उद्यम, प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन के नए अवसर खुलेंगे।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, हमारे लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। जबकि कुछ दलों के लिए राजनीति पहले है। भाजपा और प्रधानमंत्री का विरोध करते करते वे देश का विरोध करने लगते हैं। आज भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मोहन भागवत द्वारा वीर सावरकर को सम्मान देने के प्रश्न पर कृषि मंत्री ने इसे सर्वथा उचित बताते हुए कहा कि उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।
एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी और श्रीग्रुप के सुदीप अग्रवाल ने बुके भेंट किया। पूर्व विधायक कारिंदा सिंह, विधायक प्रतिनिधि राजा ठाकुर, सियाराम शर्मा, कान्हा शर्मा, पवन मुखिया, अंशु कौशिक, दीपक अग्रवाल और पंकज मुखिया ने दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
