गाजियाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। राजेंद्र नगर स्थित आवास में पैर फिसलने से घायल हुए श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर का हाल जानने के लिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने फोन किया। उनके राजेंद्र नगर स्थित आवास के शौचालय में 18 मार्च की दोपहर आचार्य प्रमोद कृष्णम का पैर फिसल गया था। इस कारण उनके माथे पर चोट आई थी।

यशोदा मेडिसिटी में उनका उपचार हुआ, जहां 20 से अधिक टांके उन्हें लगाए गए थे। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि शुक्रवार दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन किया। प्रधानमंत्री ने उनसे चोट लगने के कारण और चल रहे इलाज की पूरी जानकारी ली। उन्होंने जल्द स्वस्थ होने की बात कहते हुए हर संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
