प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र में वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट, पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और कई लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक नवाबगंज थाना क्षेत्र के हथिगंहा महमदपुर में सोमवार शाम वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ और कुछ वाहनों में तोड़फोड़ कर दी गई। आरोप है कि इस दौरान ट्रैक्टर और कई बाइकों को नुकसान पहुंचाया गया तथा आगजनी की भी घटना हुई।
–एसीपी सोरांव का बयान
सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव श्यामजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को नवाबगंज थाने में महमदपुर निवासी कंचन सिंह यादव ने सूचना दी थी कि उसके भाई नितिन यादव और गुंजन यादव को मारपीट में चोट आई है। सूचना पर पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं दूसरे पक्ष ने गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
–डीसीपी गंगानगर का बयान
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि मौके पर शांति व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
