–समयपालनता में 7.8 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि

प्रयागराज, 01 अप्रैल (हि.स)। मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समन्वय अकांशु गोविल के निर्देशन में प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेल परिचालन, समयपालनता एवं यात्री सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करते हुए कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी अनुज राजपूत ने बुधवार काे बताया कि प्रयागराज मंडल ने मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता में ऐतिहासिक सुधार करते हुए 79.75 प्रतिशत का सर्वाेच्च स्तर प्राप्त किया, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के 74.2 प्रतिशत की तुलना में 7.8 प्रतिशत अधिक है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 तक मंडल द्वारा 51 बार 90 प्रतिशत से अधिक तथा 225 बार 80 प्रतिशत से अधिक समयपालन दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि समयपालन के क्षेत्र में मंडल ने कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी स्थापित किए। 15 अगस्त 2025 को 98.85 प्रतिशत के साथ एक दिन का सर्वश्रेष्ठ समयपालन दर्ज किया गया, जो मंडल के इतिहास में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। वहीं मार्च 2026 में 89.78 प्रतिशत के साथ सर्वश्रेष्ठ मासिक समयपालन हासिल किया गया, जिसने पूर्व में अगस्त 2025 के 86.89 प्रतिशत के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। कोचिंग ट्रेनों के संचालन में भी प्रयागराज मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंडल द्वारा औसतन 402 ट्रेन प्रतिदिन संचालित की गईं, जो कि पिछले वर्ष के 388 ट्रेनों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाती है। इसके अतिरिक्त, अक्टूबर 2025 में 452 ट्रेन प्रतिदिन संचालित कर सर्वाधिक मासिक औसत का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।
इन उपलब्धियों के पीछे मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली, बेहतर समन्वय तथा तकनीकी दक्षता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रयागराज मंडल की ये उपलब्धियां भारतीय रेल के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
