
प्रयागराज, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के अतरसुइया थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआघाट मोहल्ले में मंगलवार को एक 22 वर्षीय छात्र का शव घर के अन्दर फंदे से लटका पाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रयागराज के अतरसुइया थाना क्षेत्र में स्थित बलुआघाट निवासी आशुतोष सोनी(22) पुत्र राजकुमार सोनी का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी होते ही मंगलवार को परिवार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। घटना के संबंध में पूछताछ करने के दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि आशुतोष सोनी बीएससी पांचवें सेमेस्टर का छात्र था और रज्जू भैया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहा था। दो दिन पहले ही उसका परीक्षा परिणाम आया था, जिसमें वह फेल हो गया था। परीक्षा परिणाम आने के बाद से ही वह काफी गुमसुम और तनाव में रहने लगा था।
परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर जब परिजनों को शक हुआ तो उन्होंने दरवाजा खोला, जहां उसका शव फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलने पर अतरसुइया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। छात्र के परीक्षा में असफल होने के कारण तनाव में होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
