गुवाहाटी, 05 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को असम की बोकाखात और नाडुआर विधानसभा सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)

-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने बोकाखात में बिहरा टी एस्टेट मैदान में असम गण परिषद (एजीपी) नेता अतुल बोरा और नाडुआर में भाजपा उम्मीदवार पद्म हजारिका के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व की सराहना करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि असम के लोग सरल, देशभक्त और ईमानदार हैं तथा राज्य की चाय विश्वभर में प्रसिद्ध है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो चुकी है और पार्टी में आंतरिक कलह जारी है। उन्होंने दावा किया कि प्रियंका गांधी के असम दौरे के साथ ही कांग्रेस में भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा कि राज्य में “मामा हिमंत” की लोकप्रियता के कारण कांग्रेस चिंतित है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने असम के साथ “पांच महापाप” किए। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय असम को पाकिस्तान में शामिल करने की बात, 1962 के युद्ध में राज्य को असहाय छोड़ना, बांग्लादेशी घुसपैठ को संरक्षण देना, युवाओं को रोजगार न देना और परिवारवाद को बढ़ावा देना – ये कांग्रेस की बड़ी गलतियां रही हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजग सरकार राज्य में पांच वर्षों में दो लाख सरकारी नौकरियां देने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह भी कहा कि असम में “लैंड जिहाद” और “लव जिहाद” को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अवैध कब्जों पर सख्ती से कार्रवाई होगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में लोकसभा व विधानसभा चुनावों में 33 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को अवसर दिया जाएगा। उन्होंने अरुणोदय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे महिलाओं के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंची है।
चाय बागान श्रमिकों के मुद्दे पर बोलते हुए चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने उन्हें वर्षों तक जमीन का अधिकार नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से अब श्रमिकों को जमीन के पट्टे दिए जा रहे हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्के मकान भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
सभा के अंत में चौहान ने असमिया में “जय आई असम, कांग्रेस खत्म” का नारा देते हुए दावा किया कि राज्य में एक बार फिर भाजपा-राजग की जीत सुनिश्चित है और जनता से गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
