सनकी प्रेमी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमलाकर किया था मरणासन्न, खुद कर ली थी आत्महत्या

झांसी, 02 मार्च (हि.स.)। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पूर्वाह्न एक महिला को सनकी प्रेमी ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर मरणासन्न कर दिया था। हमलावर ने पुलिस का शिकंजा कसता देख जुगनू मैरिज हॉल के पास फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। गंभीर हालत में महिला का मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा था। उपचार के दौरान दो दिन बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ निवासी राकेश साहू की पत्नी माया देवी अपराह्न करीब 11 बजे घर पर बेटी को तैयार कर रही थी। तभी आरोपित महेंद्र साहू उसके घर जा धमका। गेट पर आहट सुनकर जैसे ही माया ने दरवाजा खोला। महेन्द्र अंदर घुस आया और उसने अंदर से दरवाजा बंद कर चाकू से माया के ऊपर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला। मासूम बच्ची यह देख घबरा गई और दौड़कर छत पर चढ़ गई। उसने छत से शोर मचाते हुए पड़ोस के लोगों को अपनी मां की सहायता के लिए बुलाया। यह देख हमलावर महेन्द्र वहां से भाग निकला। दिनदहाड़े महिला को चाकुओं से गोदने की घटना से पूरे इलाक़े में सनसनी फैल गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची प्रेमनगर थाना पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया और आरोपित की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महेंद्र साहू माया देवी का रिश्तेदार है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व महेंद्र के साथ मायादेवी अपने छोटे बच्चे के साथ अहमदाबाद चली गई थी। बीस दिन रहने के बाद वापस मायादेवी अपने पति के साथ रहने लगी थी। लेकिन मायादेवी और महेंद्र की फोन पर होने वाली बातों को लेकर घर में लगातार विवाद होता रहता था। जिस पर पति ने मायादेवी की महेंद्र से फोन पर बातचीत भी बंद करवा दी थी। इस बात से आक्रोशित होकर महेंद्र शनिवार अपराह्न हाथ में चाकू लेकर माया के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही माया ने दरवाजा खोला महेंद्र ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई बार कर उसके शरीर को कई जगह जख्मी कर दिया। हमलावर महेंद्र घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। जिसकी तलाश में लगातार पुलिस घर परिवार और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस की सरगर्मी और घेराबंदी देख महेंद्र घबरा गया और प्रेमनगर थाना से कुछ दूरी पर स्थित जुगनू मैरिज हॉल के पास स्थित पत्थर की टाल के समीप उसने रस्सी का फंदा बनाकर गले में डालकर आत्महत्या कर ली थी।
वहीं आज दो दिन बाद सोमवार को माया ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इनका है कहना
प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पाण्डेय ने बताया कि महिला माया ने भी दो दिन बाद सोमवार को दम तोड़ दिया। उसके शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
