बिजनौर 24 फरवरी (हि.स.)| मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त आंनजय कुमार ने दोपहर को कलेक्ट्रेट परिसर में एनआरएलएम के अंतर्गत विकसित विदुर–प्रेरणा मोबाइल एप्लीकेशन का बटन दबाकर विधिवत रूप से शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि अब विदुर–प्रेरणा ब्रांड की संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन ‘विदुर–प्रेरणा मोबाइल एप्लीकेशन’ के माध्यम से संचालित होगी। यह मोबाइल एप्लीकेशन जनपद बिजनौर में विदुर–प्रेरणा ब्रांड से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के निर्माताओं, विक्रेताओं के लिए एक एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से अब विदुर–प्रेरणा ब्रांड की संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रणाली को पूर्णतः डिजिटल रूप से संचालित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह मोबाइल एप्लीकेशन विदुर–प्रेरणा ब्रांड से जुड़ी लगभग 35 हजार दीदियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इसके माध्यम से उत्पादों की आपूर्ति, ऑर्डर प्रक्रिया, भुगतान तथा लेखा-जोखा प्रणाली पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बन सकेगी। इस पहल के अंतर्गत वेब पोर्टल www.vidurprerna.in भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से आपूर्ति, ऑर्डर एवं ई-बिलिंग से संबंधित सभी सुविधाएं वेब प्लेटफॉर्म पर भी प्राप्त की जा सकेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
