

कोकराझार (असम), 11 मार्च (हि.स.)। कोकराझार जिले के फकीराग्राम कॉलेज छात्र संघ के तत्वावधान में आयोजित कॉलेज के वार्षिक कॉलेज सप्ताह 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह आज कॉलेज परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) की कार्यकारी सदस्य मुनमुन ब्रह्म उपस्थित रहीं। उन्होंने कॉलेज सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ब्रह्म ने कहा कि शिक्षा जीवन के साथ-साथ खेलकूद भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। खेलकूद न केवल शरीर और मन को स्वस्थ रखता है, बल्कि जीवन में अनुशासन, एकता और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्रों को पढ़ाई में एकाग्रता और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने तथा खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने फकीराग्राम कॉलेज के वार्षिक कॉलेज सप्ताह के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कॉलेज प्रशासन और छात्र संघ को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को औपचारिक रूप से पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उत्साह और उमंग से भरे वातावरण में कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा
