-बायोमेट्रिक, ऑनलाइन पोर्टल सहित खरीद की सभी नई व्यवस्थाएं चल रही सुचारू : सुभाष बरालाफतेहाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने सोमवार को अतिरिक्त अनाज मंडी, टोहाना का दौरा कर गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया और खरीद कार्य को पारदर्शी एवं सुचारू तरीके से सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सांसद सुभाष बराला ने कहा कि अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं सही रूप से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा लागू की गई नई व्यवस्थाएं जैसे फोटोग्राफी, किसानों की वेरिफिकेशन, ऑनलाइन पोर्टल और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन वर्तमान में पूरी तरह से सुचारू रूप से चल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारी, किसान, मजदूर और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त, पिछले एक-दो दिनों से मौसम भी साफ है, जिससे गेहूं खरीद प्रक्रिया और भी निर्बाध गति से चल रही है।सांसद ने मंडी में मौजूद किसानों का हालचाल जाना और गेहूं खरीद में आने वाली किसी भी परेशानी के बारे में उनसे सीधा संवाद स्थापित किया। एक किसान से हुए संवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उक्त किसान, जिसने पहले भी मंडी में अपनी फसल बेची है और मौके पर भी गेहूं लेकर आया है, वह खरीद प्रक्रिया और प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं से पूरी तरह संतुष्ट है। पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सांसद ने बताया कि अतिरिक्त अनाज मंडी में पानी की किल्लत न हो, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर पीने के पानी के टैंकर खड़े करवाए गए हैं। इसके साथ ही, जल्द ही अतिरिक्त अनाज मंडी में स्थायी जल आपूर्ति के लिए वाटर कूलर भी स्थापित किए जाएंगे। मंडी दौरे के दौरान राज्यसभा सांसद ने वहां काम कर रहे मजदूरों से भी संवाद किया और उनसे बेझिझक होकर अपनी समस्याएं बताने को कहा। इस पर मजदूरों ने संतोष जताते हुए बताया कि सरकार और प्रशासन द्वारा मंडी में पर्याप्त और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके उपरांत, सांसद सुभाष बराला ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर निर्देश दिए कि किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और उनके लिए मंडी परिसर में तमाम आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाएं।

—-
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
