फतेहाबाद, 22 फरवरी (हि.स.)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता एवं निदेशक जल स्वास्थ्य सहायक संगठन डॉ. जसवंत सिंह ने रविवार को फतेहाबाद में विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बताया कि आज के दौर में जल संरक्षण अति आवश्यक है। बैठक का मुख्य एजेंडा पीने के पानी के बकाया बिलों की रिकवरी में तेजी लाना और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। बकाया बिलों की वसूली पर डॉ. जसवंत सिंह ने सख्त निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के पानी के बिल लंबे समय से लंबित हैं, उनसे प्राथमिकता के आधार पर वसूली की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व की समय पर प्राप्ति विभाग की सेवाओं को सुचारू रखने के लिए अनिवार्य है। जल संरक्षण पर जोर देते हुए बताया कि ‘जल ही जीवन है’ के संकल्प को दोहराते हुए निदेशक ने कहा कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाएं। बैठक में अवैध जल कनेक्शनों को नियमित करने या उन्हें काटने के निर्देश भी दिए गए ताकि पानी की बर्बादी को रोका जा सके और प्रेशर की समस्या का समाधान हो सके। डॉ. सिंह ने पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता और वितरण प्रणाली की भी समीक्षा की, ताकि जिलावासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल मिलता रहे। मुख्य अभियंता डॉ. जसवंत सिंह ने कहा कि पानी एक अनमोल संसाधन है। हमें न केवल इसकी रिकवरी सुनिश्चित करनी है, बल्कि इसकी हर बूंद को बचाने के लिए समाज को साथ लेकर चलना होगा। बैठक में उन्होंने चेतावनी दी कि बिल रिकवरी में ढिलाई बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे अपने बिलों का समय पर भुगतान करें और पानी का दुरुपयोग न करें। बैठक में शर्मा चंद लाली जिला सलाहकार फतेहाबाद, राकेश सोगलान जिला सलाहकार सिरसा, बलदेव सिंह, प्रेम सिंह, राजेश कुमार, हरि सिंह, प्रदीप बैनीवाल खंड संयोजक सिरसा, राकेश कुमार, अमित कुमार, रजनी, कुलदीप सिंह, पृथ्वी सिंह, मदन लाल, शमशेर सिंह, खंड संयोजक फतेहाबाद आदि ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

