फतेहाबाद, 01 मार्च (हि.स.)। गांव कुम्हारिया में बिजली चोरी पकडऩे गई बिजली निगम टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए सदर फतेहाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। रविवार को थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि उपमंडल अधिकारी, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, बड़ोपल के अधीन कार्यरत टीम 17 फरवरी को को ऑफिस ऑर्डर के तहत गांव कुम्हारिया क्षेत्र में बिजली चोरी पकडऩे के लिए गई थी। सुबह लगभग 7:45 बजे 23000 पुल के निकट एक ढाणी में चेकिंग के दौरान दो स्थानों पर डायरेक्ट बिजली सप्लाई चलती पाई गई। टीम द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू करते ही वहां मौजूद विक्रम पुत्र महावीर गुज्जर व आजाद कुमार पुत्र कृष्ण कुमार निवासी कुम्हारिया तथा अन्य 10-12 व्यक्तियों ने टीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट की, मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दी, सरकारी गाड़ी की चाबी निकाल ली, कर्मचारियों के मोबाइल फोन तोड़ दिए तथा आवश्यक दस्तावेज भी फाड़ दिए। साथ ही, थाने में शिकायत दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी। बिजली निगम के जेई रतन सिंह की शिकायत पर थाना सदर फतेहाबाद में मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम व आजाद कुमार को काबू कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

