फतेहाबाद, 03 मार्च (हि.स.)। शहर की बस स्टैण्ड चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित तीन दुकानों के ताले तोडक़र चोर सामान चोरी कर ले गए। हालांकि चोरी की बड़ी वारदात नहीं हुई और दुकानदारों के अनुसार करीब चार हजार रुपये तक का ही नुकसान हुआ। चोरों ने पहले दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और फिर अंदर घुसकर डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सके। घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे। एक साथ तीन दुकानों के ताले टूटने से दुकानदारों में काफी रोष है और उन्होंने पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। बता दें कि शहर के प्रमुख लाल बत्ती चौक से चंद कदमों की दूरी पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। लाल बत्ती चौक पर हर समय पुलिस कर्मचारी की तैनाती रहती है। इसके बावजूद चोरों के हौंसले बुलंद थे और उन्होंने एक साथ तीन दुकानों के ताले तोड़ डाले। चोरों ने यहां रमेश स्कूटर सेंटर, नापा टायर वर्कशॉप और साथ लगती आरके वर्कशॉप को निशाना बनाया। चोर शटर के ताले तोडक़र अंदर दाखिल हुए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुकानों के गल्ले में रखा पैसा चोर निकाल कर ले गए। रमेश स्कूटर सेंटर के संचालक दुकानदार तुषार ने बताया कि चोरों ने आते ही सीसीटीवी तोड़े। इसके बाद डीवीआर निकाल ले गए। चोरों ने गल्ले में रखी कुछ नकदी चुरा ली। वहीं, नापा टायर वर्कशॉप के संचालक ने बताया कि सुबह जब वह दुकान पर आया तो देखा कि दोनों ताले टूटे पड़े हुए थे। डीवीआर और कैमरे ले गए, लेकिन गल्ले में कुछ राशि थी, वह नहीं ले गए।इसके अतिरिक्त दुकानदार विक्की ने बताया कि रात को दुकान को बंद करके गए थे। सुबह पड़ोसी का फोन आया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। सामान तो ठीक पड़ा था, लेकिन गल्ले में रखे दो हजार रुपए से अधिक राशि चोरी हो चुकी थी। दुकानदारों ने बताया कि पिछले सप्ताह भी जीटी रोड पर दो दुकानों के ताले तोड़े गए थे। दुकानदारों ने जीटी रोड पर पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है। दुकानदारों ने पहले चौकीदारी करने वाले एक चौकीदार पर भी शक जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि चोर ज्यादा दूर नहीं हैं और शीघ्र गिरफ्तारी संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

