फरीदाबाद, 11 मार्च (हि.स.)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब फरीदाबाद शहर में घरेलू गैस सप्लाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को फरीदाबाद व बल्लभगढ़ की अधिकतर गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगी हुई नजर आईं। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं जिसके चलते भारी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पहुंच रहे है। दूसरी तरफ कमर्शियल गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों को सिलेंडर नहीं मिल रहा है। इसके अलावा लोगों को सिलेंडर बुकिंग के लिए 4 दिन ज्यादा इंतजार करना होगा, क्योंकि गैस एजेंसियों ने सिलेंडर बुकिंग का समय बढ़ा दिया है। पहले जहां उपभोक्ता 21 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, अब उन्हें 25 दिन का इंतजार करना होगा। जिले में करीब 7.5 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जबकि कमर्शियल गैस उपभोक्ताओं की संख्या 50 हजार से ज्यादा बताई जा रही है। गैस एजेंसियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण लोगों में गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से सिलेंडर की एडवांस बुकिंग अचानक बढ़ गई है। पहले एक एजेंसी पर रोजाना करीब 500 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन अब यह संख्या बढक़र लगभग 800 तक पहुंच गई है। ऐसे में बुकिंग के लिए समय बढ़ा दिया गया है। हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। तीन दिन पहले सिलेंडर के दाम में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। पहले जो सिलेंडर 855 रुपए में मिल रहा था, वह अब 915 रुपए में मिल रहा है। कीमत बढऩे के बावजूद उपभोक्ताओं की बुकिंग कम नहीं हुई है। फूड एंड सप्लाई विभाग का कहना है कि किसी प्रकार की कोई कमी गैस सिलेंडर की नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल बुकिंग के बीच का अंतर चार दिन बढ़ाया गया है। आम दिनों से ज्यादा उपभोक्ता अपनी बुकिंग कराने और सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं। सिलेंडर के बुक हो जाने के बाद उपभोक्ता घर पर पहुंचाने का इंतजार नहीं कर रहे और खुद ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी आ रहे हैं। उपभोक्ताओं ने कहा कि आम जनता परेशान हो रही है। सरकार का लोगों की तरफ कोई ध्यान नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर
