चित्तौड़गढ़, 25 जनवरी (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक ईनामी तस्कर को फिल्मी स्टाइल में पकड़ा है। आरोपित 25 हजार रुपए का ईनामी होकर चित्तौड़गढ़ के सदर थाना इलाके में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए आया था। इसकी सूचना मिलने के बाद टास्क फोर्स ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गिरफ्तार कर लिया।

एटीएस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि टास्क फोर्स लगातार तस्करी में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के दिशा निर्देशन के बाद तस्करी के मामले में 2 साल से फरार अंतराज्यीय तस्कर गिरफ्तार हुआ है। नारकोटिक्स ने चित्तौड़गढ़ जिले के पारसोली थाना क्षेत्र में रहने वाले लोहारिया निवासी कमलेश उर्फ कमल पुत्र भैरूलाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपित कमल 2024 में नागाणा थाने में पकड़े गए मादक पदार्थ के मामले में प्रकरण दर्ज होने के बाद फरार हो गया था। इसके खिलाफ बाड़मेर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था। आरोपित फरारी के दौरान भी तस्करी के काले धंधे में लिप्त था।
लाइट फिटिंग करते बन गया तस्कर
महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि आरोपित कमल का कक्षा 12 के बाद पढ़ाई से मोह भंग हुआ तथा विवाह के बाद गृहस्थी का खर्च चलाने के लिए व्यवसाय में जुटा था। यह अपना गांव छोड़ कर चित्तौड़गढ़ में लाइट फिटिंग का काम करने लगा। इसके दौरान उसका संपर्क गांव के ही रिश्तेदार देवीलाल से हुआ था, जो कि पहले से ही तस्करी में लगा हुआ था। इसी ने अपने तस्करी के धंधे में सहयोगी बनने के लिए कमल से संपर्क कर ऊंची कमाई का लालच देकर अपने साथ में शामिल कर लिया था। इसके बाद से आरोपी कमल व देवीलाल साथ मिल कर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। दोनों आरोपियों ने साथ में मिल कर चित्तौड़गढ़, बेगूं मध्यप्रदेश के इलाकों से डोडा चूरा खरीद कर मारवाड़ के तस्करों को महंगे दामों में बेचने लग गया था।
महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली कि कमल अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए चित्तौड़गढ़ के मधुबन में आता रहता है। टीम ने इस संबंध में सूचना का संकलन कर के आरोपी के आने के स्थान की जानकारी जुटाई। आरोपित कमल अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए स्कॉर्पियो में आया हुआ था है, इस सूचना के बाद टास्क फोर्स ने मकान के आस-पास निगरानी शुरू की। टास्क फोर्स ने शनिवार रात को निगरानी रखना शुरू किया था। रविवार को आरोपी मकान से बाहर आया तो घेरा देकर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तार में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मुख्यालय जयपुर एवं चित्तौड़गढ़ टीम की विशेष भूमिका रही है। इस कार्य में शामिल टीमों को विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल
